कोटकपूरा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से तेजधार हथियार भी बरामद किए हैं। पहले मामले में थाना सिटी कोटकपूरा पुलिस ने नई अनाज मंडी से सटी लक्कड़ मंडी में छह लुटेरों को दबोचा। ये सभी लूटपाट की योजना बना रहे थे। आरोपियों में गुरविंदर सिंह, सुरेंद्र पाल सिंह उर्फ बिल्ला, सूरज सुखविंदर सिंह, प्रभजोत सिंह और राजेश कुमार शामिल हैं। दूसरे मामले में थाना सदर कोटकपूरा पुलिस ने गांव ढिलवां कलां से पंजगराई कलां के रास्ते से पांच लुटेरों को पकड़ा। इनमें सुखवीर सिंह उर्फ सुख स्टार, बिट्टू सिंह, टिंकू मसीह, अजय पाल सिंह और दविंदर सिंह उर्फ काका शामिल हैं। डीएसपी कोटकपूरा जतिंदर सिंह के अनुसार, ये सभी आरोपी नशे के लिए चोरी और लूटपाट करते हैं। इन सभी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है। पुलिस इन्हें रिमांड पर लेकर आगे की जांच करेगी।


