कोटद्वार में दुकान के नाम में ‘बाबा’ शब्द को लेकर चल रहे विवाद के बीच बजरंग दल की शिकायत पर दीपक कुमार के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। जिस व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई है, उसका नाम कमल पाल है, जो मीट की दुकान चलाता है। अब तक इस मामले में तीन FIR दर्ज की गई हैं। पहली FIR पुलिस की ओर से दर्ज कराई गई है, जिसमें दुकान पर हंगामा करने वाले 30-40 लोगों को “अज्ञात” दिखाया गया है। इन पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और शांति भंग करने का आरोप है। वहीं दूसरी बजरंग दल से जुड़े कमल पाल की शिकायत पर दीपक कुमार और विजय रावत के खिलाफ दर्ज की गई है, जिसमें गाली-गलौज, जाति-सूचक शब्दों के प्रयोग और मारपीट के आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा तीसरी वकील अहमद, निवासी कोटद्वार की शिकायती के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में धारा 115(2), 333, 351(2), 352 भारतीय न्याय संहिता के तहत FIR दर्ज की गई है। दरोगा विनोद चपराना की शिकायत पर FIR पुलिस के अनुसार, 31 जनवरी 2026 को सूचना मिली थी कि पूर्व में पटेल मार्ग स्थित ‘बाबा ड्रेस’ दुकान को लेकर हुए विवाद के संबंध में कुछ लोग दीपक कुमार के विरोध में उसके जिम और दुकान पर प्रदर्शन करने जा रहे हैं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए सड़क जाम की, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले शब्दों का प्रयोग किया और सार्वजनिक शांति भंग करने का प्रयास किया। मामले में उपनिरीक्षक (दरोगा) विनोद चपराना की शिकायत पर कोतवाली कोटद्वार में भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 121(2), 126(2), 196(2), 352 तथा क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट की धारा 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। दीपक बोले- पुलिस ने थाने बुलाया मामले को लेकर दीपक ने एक वीडियो जारी कर कहा- कल मुझ पर कुछ लोगों ने हमला किया था। इसके बाद पुलिस ने मुझे थाने बुलाया। पुलिस ने मुझे आश्वासन दिया कि इस तरह की घटना कोटद्वार में दोबारा नहीं होगी। मैं अपने सभी साथियों से कहना चाहता हूं कि आप लोग अपना ध्यान रखें। कई लोग मुझसे मिलने आ रहे हैं, उनसे मेरी विनती है कि जब समय मिलेगा, तब बैठकर विस्तार से बातचीत करेंगे। राहुल गांधी बोले- उत्तराखंड के दीपक भारत के हीरो एक पहले राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा- उत्तराखंड के दीपक भारत के हीरो हैं, वो संविधान और इंसानियत से लड़ रहे हैं। अपने पोस्ट में उन्होंने BJP और संघ परिवार पर नफरत फैलाने और डर के सहारे राजनीति करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने लिखा- उत्तराखंड की BJP सरकार खुलेआम उन असामाजिक ताकतों का साथ दे रही है जो आम नागरिकों को डराने और परेशान करने में लगी है। इसके साथ ही उन्होने लिखा- हम तुम्हारे साथ हैं भाई, तुम बब्बर शेर हो। पूरा विवाद 28 जनवरी को हुआ था जब कुछ हिंदू संगठनों ने मुस्लिम युवक कि दुकान के नाम पर आपत्ती जताई थी। मुस्लिम युवक ने अपनी दुकान का नाम ‘बाबा ड्रेस’ रखा था जिसपर हिंदू संगठनों के लोगों को आपत्ती थी, इस पूरे विवाद में दीपक मुस्लिम युवक के पक्ष में दिख रहा था। इस दौरान उसने अपना नाम मोहम्मद दीपक बताया था जबकि उसका असली नाम दीपक कुमार है। अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए क्या था पूरा मामला… 26 जनवरी- दुकान के नाम से शुरू हुआ विवाद पूरा मामला 26 जनवरी को पटेल मार्ग स्थित एक कपड़ों की दुकान ‘बाबा स्कूल ड्रेस एंड मैचिंग सेंटर’ को लेकर विवाद शुरू हुआ। दुकान के मालिक 70 वर्षीय मुस्लिम दुकानदार वकील अहमद हैं, जो करीब 30 साल से यह दुकान चला रहे हैं। 26 जनवरी को तीन-चार युवक दुकान पर पहुंचे और खुद को बजरंग दल का सदस्य बताया। उन्होंने अहमद से कहा कि दुकान के नाम से ‘बाबा’ शब्द हटाना होगा। उनका कहना था कि ‘बाबा’ शब्द हिंदू धार्मिक पहचान से जुड़ा है और इसका इस्तेमाल मुसलमान नहीं कर सकते। आरोप है कि अहमद को धमकाया गया और चेतावनी दी गई कि अगर नाम नहीं बदला गया तो अंजाम अच्छा नहीं होगा। विवाद के बीच दीपक की एंट्री, भीड़ से किया सवाल 26 जनवरी को ही दीपक कुमार अपने दोस्त की दुकान पर मौजूद थे। वह बगल में ही एक जिम का संचालन करते हैं। उन्होंने देखा कि भीड़ अहमद को धमका रही है। सामने आए वीडियो में दीपक भीड़ का सामना करते हुए सवाल करते दिखे कि अगर दूसरे लोग ‘बाबा’ नाम इस्तेमाल कर सकते हैं, तो अहमद क्यों नहीं। वीडियो में दीपक कहते दिखते हैं कि दुकान 30 साल पुरानी है और क्या अब नाम बदलना होगा। जब ग्रुप के एक व्यक्ति ने दीपक से पहचान पूछी, तो उन्होंने जवाब दिया- “मेरा नाम मोहम्मद दीपक है।” बाद में दीपक ने बताया कि यह वाक्य उन्होंने हिंदू और मुस्लिम पहचान को जोड़कर भारत के अपने विचार को सामने रखने के लिए कहा था। धमकियों के बाद दीपक का वीडियो बयान चूंकी दीपक ने हिंदू संगठन का विरोध किया था और मौके पर वह धक्कामुक्की करते भी नजर आए थे तो इसके बाद उन्हें धमकियां मिलने लगीं। इससे परेशान होकर उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा- मैं हिंदू नहीं हूं, मैं मुसलमान नहीं हूं, मैं सिख नहीं हूं, और मैं ईसाई नहीं हूं। सबसे पहले, मैं एक इंसान हूं। क्योंकि मरने के बाद मुझे भगवान और इंसानियत को जवाब देना है, किसी धर्म को नहीं। दीपक ने यह वीडियो उन धमकियों के जवाब में पोस्ट किया, जो उन्हें अपने विचारों और मुस्लिम दुकानदार के समर्थन के बाद मिल रही थीं। उन्होंने मीडिया से कहा कि वे पीछे नहीं हटेंगे। शनिवार में बजरंग दल का प्रदर्शन, सड़क जाम शानिवार को विवाद फिर भड़क उठा। देहरादून से बजरंग दल के कार्यकर्ता कोटद्वार पहुंचे और ‘बाबा स्कूल ड्रेस एंड मैचिंग सेंटर’ नाम को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने इसे हिंदू आस्था से जुड़ा बताया। प्रदर्शन के दौरान करीब 20 मिनट तक पटेल मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिससे आम लोगों को परेशानी हुई। युवा कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे, टकराव बढ़ा विरोध के दौरान युवा कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के प्रदर्शन से क्षेत्र में सांप्रदायिक माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। सामने आए वीडियो में कांग्रेस कार्यकर्ता और जिम संचालक दीपक दुकान के समर्थन में नजर आए। उन्होंने फिर कहा कि शोएब अहमद की दुकान वर्षों पुरानी है और मामले में नेतागिरी नहीं होनी चाहिए। वहीं बजरंग दल ने आरोप लगाया कि दीपक ने उनके कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। —————— ये खबर भी पढ़ें… कोटद्वार के ‘बाबा’ विवाद में राहुल गांधी की एंट्री: बोले- उत्तराखंड के दीपक भारत के हीरो, BJP असामाजिक ताकतों का साथ दे रही पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार में दुकान के नाम में ‘बाबा’ शब्द को लेकर चल रहे विवाद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की एंट्री हो गई है। विवाद के दौरान खुद को मोहम्मद दीपक बताने वाले युवक के समर्थन में आज राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा- उत्तराखंड के दीपक भारत के हीरो हैं, वो संविधान और इंसानियत से लड़ रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)


