सीकर में मनरेगा संशोधन का विरोध, गेट पर चढ़े विधायक:महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बोलीं- BJP श्रमिकों के अधिकार खत्म करना चाहती है

सीकर में आज कांग्रेस पार्टी ने मनरेगा संशोधन के विरोध में प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सारिका चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्त्ताओं ने डाक बंगले से कलेक्ट्रेट तक आक्रोश रैली निकाली। कलेक्ट्रेट पहुंचते ही कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, इस दौरान एकबारगी कांग्रेसजनों ने कलेक्ट्रेट के अंदर घुसने की कोशिश की। इसी बीच फतेहपुर विधायक हाकम अली कलेक्ट्रेट के गेट पर चढ़ गए। पुलिसवालों ने विधायक हाकम अली को नीचे उतारा। पत्रकारों से बातचीत के दौरान कांग्रेसी नेता आगे आने के चक्कर में थोड़े से उलझते भी दिखे।
इससे पहले डाक बंगले से कांग्रेसी कार्यकर्त्ता हाथों में फावड़ा, दांतला, पराती और जेळी लेकर नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सारिका चौधरी ने कहा कि भाजपा ने मनरेगा को बंद कर दिया है, यह सच्चाई देश के सामने आना जरूरी है। सिर्फ नाम बदलना इनका उद्देश्य नहीं है भाजपा श्रमिकों के अधिकारों पर कठोर हमला करना चाहती है। भाजपा की केंद्र सरकार ने मनरेगा की मूल भावना ‘रोजगार की गारंटी देने’ को खत्म कर दिया है। भाजपा की सरकार पूंजीपतियों की सरकार है। पहले केंद्र सरकार किसानों के खिलाफ काले कानून लेकर आई और अब श्रमिकों के अधिकार खत्म करने के लिए यह मनरेगा का संशोधन करके नया कानून लेकर आए हैं। नए प्रावधानों में बजट आवंटन को लेकर राज्य सरकारों की 40% हिस्सेदारी रखी गई है, जबकि राज्य सरकारी पहले से ही घाटे में चल रही हैं। इस तरह यह मनरेगा को बंद करने का भाजपा का षड्यंत्र है। इसलिए जब तक श्रमिकों की रोजगार की गारंटी बहाल नहीं की जाती, कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक इस लड़ाई को लड़ती रहेगी।
सीकर विधायक राजेंद्र पारीक और जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला ने कहा कि भाजपा सरकार ने मनरेगा का नाम बदलकर रोजगार की गारंटी को कमजोर खत्म करने का काम किया है। भाजपा सरकार महात्मा गांधी के नाम को हटाने और रोजगार के कानून अधिकार को समाप्त करने की साजिश कर रही है। मनरेगा देश का बहुत बड़ा कानून था, जिसमें हर बेरोजगार को 100 दिन का काम मिलता था और काम नहीं मिलने की एवज में बेरोजगारी भत्ता मिलता था। विरोध-प्रदर्शन के बाद कार्यकर्त्ता शांति पूर्वक लौट गए। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश महासचिव फूल सिंह ओला, धोद प्रत्याशी जगदीश दानोदिया, संगठन महासचिव पुरुषोत्तम शर्मा, फतेहपुर सभापति मुश्ताक नजमी, शहर कमेटी अध्यक्ष राजेश सैनी, मीडिया पैनलिस्ट गोविंद पटेल, धोद ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र सामोता, लक्ष्मणगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष राकेश सिहाग, फतेहपुर ब्लॉक अध्यक्ष पवन दाधीच, दांतारामगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष भींवाराम बाजिया, सुरेश शर्मा आदि मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *