कोटपूतली जिला अभिभाषक संघ की कार्यकारिणी के वार्षिक चुनाव शुक्रवार देर शाम संपन्न हुए। इन चुनावों में एडवोकेट बजरंग लाल शर्मा (द्वितीय) अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजेंद्र चौधरी को 117 वोट के अंतर हराया। मतदान प्रक्रिया सुबह 10 बजे जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में शुरू हुई, जिसमें कुल 530 में से 478 मतदाताओं ने मतदान किया। बजरंग लाल शर्मा अध्यक्ष, नरेंद्र सिंह शेखावत उपाध्यक्ष मुख्य निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र कुमार रावत ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए बजरंग लाल शर्मा (द्वितीय) को 215 मत मिले। राजेंद्र चौधरी को 98 मत, सुशील कुमार यादव को 88 मत और सतीश हाडिया को 75 मत प्राप्त हुए। इस पद के लिए कुल 2 मत निरस्त किए गए। उपाध्यक्ष पद पर नरेंद्र सिंह शेखावत ने अपने निकटतम उम्मीदवार आशीष जोशी को 78 मतों से हराया। शेखावत को कुल 185 मत मिले, जबकि आशीष जोशी को 107 मत प्राप्त हुए। इस पद के लिए दिनेश कुमार अग्रवाल को 102 और राजकमल बसीठा को 80 मत मिले। कुल 4 मत निरस्त किए गए। सचिव पद के चुनाव में मुकेश कुमार यादव ने 285 मत प्राप्त कर भूपेश कुमार वर्मा को 96 मतों से पराजित किया। भूपेश कुमार वर्मा को 189 मत मिले। इस पद के लिए भी 4 मत निरस्त हुए। कोषाध्यक्ष पद पर अजय सिंह तंवर ने 168 मत प्राप्त कर राजेश कुमार गुर्जर को 16 मतों से हराया। राजेश कुमार गुर्जर को 152 मत और विश्वेंद्र सिंह शेखावत को 151 मत मिले। नोटा को 4 मत प्राप्त हुए और 3 मत निरस्त किए गए। चुनाव परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। न्यायालय परिसर से होते हुए मुख्य मार्गों पर विजय जुलूस निकाला गया। इस दौरान निवर्तमान अध्यक्ष उदयसिंह तंवर सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। निर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कोटपूतली में नए डीजे कोर्ट खुलने के बाद न्यायालय में समस्त सुविधाओं का विकास उनकी प्राथमिकता रहेगी। चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने में सहायक निर्वाचन अधिकारी एडवोकेट नीशू सैनी, भूपेश सेहरा, शिवकुमार शर्मा, इंद्रपाल यादव और विक्रम आर्य ने सहयोग किया।


