कोटपूतली में सड़क सुरक्षा अभियान, चालकों को फूल-चॉकलेट दिए:यातायात नियमों का पालन करने वालों को अधिकारियों ने सम्मानित किया

जिला कोटपूतली-बहरोड़ के मुख्य चौराहे पर सड़क सुरक्षा अभियान के तहत एक जागरूकता पहल आयोजित की गई। इस दौरान यातायात नियमों का सही तरह से पालन करने वाले वाहन चालकों को सम्मानित कर समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया। नियमों का पालन करने वालो को चॉकलेट भेंट इस कार्यक्रम में ट्रैफिक इंचार्ज बाबू लाल मीणा, आरटीओ नरेश स्वामी और डीटीओ सुनील सैनी ने भाग लिया। उन्होंने सुरक्षित ड्राइविंग की जिम्मेदारी निभाने वाले चालकों को गुलाब के फूल और चॉकलेट भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने लोगों को नियमों से जुड़े पंपलेट दिए अधिकारियों ने बताया- सड़क दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी तरीका जनता में जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, नशे में वाहन न चलाने, तेज गति से बचने तथा मोबाइल फोन का प्रयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण नियमों को गंभीरता से अपनाने की अपील की। मौके पर मौजूद यातायात कर्मचारियों ने भी लोगों को नियमों की जानकारी दी और सुरक्षा से जुड़े पंपलेट वितरित किए। ट्रैफिक इंचार्ज ने लोगों को जागरूक किया ट्रैफिक इंचार्ज बाबू लाल मीणा ने कहा- सड़क सुरक्षा केवल सरकारी प्रयासों से ही संभव नहीं है, बल्कि हर नागरिक को नियमों का पालन कर अपने और दूसरों के जीवन की रक्षा करनी चाहिए। वहीं आरटीओ नरेश स्वामी ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान जिले में ऐसे अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति अधिक जागरूक करना है। डीटीओ सुनील सैनी ने सम्मानित किए जाने वाले प्रत्येक चालक से यह अपेक्षा की कि वे आगे भी इसी तरह जिम्मेदारी का परिचय देते रहें और दूसरों को भी प्रेरित करें। अभियान के दौरान चौराहे पर वाहन चालकों और राहगीरों में उत्साह का माहौल नजर आया। लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में मददगार साबित होते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *