कोटपूतली और आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार रात हुई मावठ के बाद घना कोहरा छा गया है। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ है, विजिबिलिटी काफी कम हो गई है और तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ गई है। हालांकि, किसान इस मावठ को फसलों के लिए फायदेमंद मान रहे हैं। कम विजिबिलिटी के कारण वाहन चालकों को परेशानी कोहरे का असर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 पर भी देखा गया। कम विजिबिलिटी के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा, जिससे दुर्घटनाओं से बचने के लिए वाहनों की गति धीमी हो गई। मुख्य मार्गों पर यातायात धीमा रहने से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगा। कई वाहन चालक फॉग लाइट्स का उपयोग करते दिखे। कोहरे से फसलों को लाभ किसानों ने बताया- गुरुवार रात हुई मावठ और उसके बाद छाए घने कोहरे से फसलों को लाभ मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में भी कोहरे की चादर छाई रही, जिससे खेत-खलिहान ढके हुए नजर आए। इस बीच, पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने, धीमी गति से वाहन चलाने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।


