कोटा के नयापुरा में स्ट्रीट डॉग अटैक:कलेक्ट्री परिसर में सफाईकर्मियों समेत अन्य दूसरे इलाकों में 20 से 22 लोग डॉग अटैक के शिकार

कोटा के नयापुरा थाना क्षेत्र में आज आवारा कुत्तों के आतंक से हड़कंप मच गया। इलाके में अलग-अलग स्थानों पर आवारा कुत्तों ने 20 से 22 लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। किसी को हाथ में तो किसी को पैर में काटा गया, जिससे कई लोगों को गंभीर जख्म आए। सभी घायलों को तुरंत कोटा के एमबीएस अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेबीज के इंजेक्शन लगाए गए। नयापुरा कलेक्ट्री परिसर में सुबह आसपास घूम रहे एक आवारा कुत्ते ने 4 से 5 लोगों पर अचानक हमला कर दिया। इस दौरान सफाई कार्य के लिए आए सफाईकर्मी भी कुत्ते के शिकार हो गए। कुत्ते के हमले में घायल हुए सफाईकर्मी और अन्य लोग सीधे एमबीएस अस्पताल पहुंचे, जहां उनका इलाज किया गया। इसी तरह नयापुरा इलाके के मस्जिद चौक की ओर भी एक आवारा कुत्ते ने 4 से 5 लोगों को काट लिया। दिनभर अलग-अलग स्थानों पर हुए इन हमलों से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने नगर निगम और प्रशासन से जल्द से जल्द आवारा कुत्तों को पकड़ने और स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *