चूरू में 2 डिग्री के करीब पहुंचा तापमान:गांवों में जम गई बर्फ, शीतलहर ने बढ़ाई ठिठुरन

चूरू में पिछले 3 दिनों से बर्फीली हवाएं चल रही हैं। रविवार को न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसमें लगातार दूसरे दिन गिरावट आई। ग्रामीण क्षेत्रों में खुले में खड़ी गाड़ियों पर और पानी के बर्तनों में बर्फ जम गई।
रविवार सुबह चली बर्फीली हवाओं के कारण लोग ठिठुरते रहे। छुट्टी का दिन होने के कारण अधिकांश लोग घरों से सुबह देर तक बाहर नहीं निकले। तेज धूप के बावजूद हवाओं में गलन महसूस हुई, जिससे सर्दी का अहसास बना रहा। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि उत्तरी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री और अधिकतम तापमान में तीन से नौ डिग्री तक की गिरावट दर्ज हुई है। उत्तरी हवाओं के कारण शेखावाटी और उत्तर-पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं शीतलहर चलने की संभावना है। 26—27 को बारिश के आसार
उन्होंने यह भी बताया कि 26-27 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से 26 जनवरी को दोपहर बाद राज्य के पश्चिमी और उत्तरी भागों में हल्की बारिश हो सकती है। 27 जनवरी को इस तंत्र का सर्वाधिक असर रहने की उम्मीद है, जिससे बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, जोधपुर, कोटा और अजमेर संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की प्रबल संभावना है। सर्द हवाओं के कारण छोटे बच्चों में निमोनिया की शिकायतें बढ़ने की आशंका है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *