भास्कर न्यूज| महासमुंद प्रकृति संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से ग्रीन केयर सोसाइटी इंडिया ने एक अनूठी पहल की है। ग्राम ठकुरीपाली में आयोजित श्री राधा-कृष्ण मंदिर के भव्य प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के दौरान पर्यावरण की रक्षा का संदेश देते हुए लोगांे को पीपल का पौधा भेंट किया गया। समारोह के मुख्य यजमान तुलाराम साहू को संस्था के वरिष्ठ सदस्य पंडित भागीरथी दुबे ने पीपल का पौधा भेंट किया। इस अवसर पर पंडित दुबे ने पीपल के धार्मिक और वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीमदभगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने स्वयं कहा है ”अश्वत्थ: सर्ववृक्षाणाम्” अर्थात वृक्षों में मैं पीपल हूं। आज मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा जैसे पावन अवसर पर पीपल का पौधा प्राप्त करना अत्यंत शुभ संकेत है। ग्रीन केयर सोसाइटी ने इस बात पर जोर दिया कि पीपल का वृक्ष न केवल धार्मिक दृष्टि से पूजनीय है, बल्कि वैज्ञानिक रूप से भी यह 24 घंटे ऑक्सीजन प्रदान करने वाला सर्वश्रेष्ठ वृक्ष है।


