कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र के बारां रोड स्थित महालक्ष्मी पूरम वेलफेयर सोसायटी की एक मल्टी स्टोरी में रेलवे अधिकारी के फ्लैट को चोरों ने निशाना बनाया। चोर फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण व नगदी पर हाथ साफ कर गए। मकान मालिक संतोष कुमार ने बताया कि वे रेलवे में जबलपुर में गजेटेड अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पत्नी उनके साथ जबलपुर में ही रहती हैं, जबकि बेटी झालावाड़ मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है और वहीं हॉस्टल में रहती है। कोटा स्थित फ्लैट में वे कभी-कभार ही आते-जाते हैं। कल शाम पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि फ्लैट का ताला टूटा हुआ है। इसके बाद रिश्तेदारों को मौके पर भेजा गया, वह वहां पर बोरखेड़ा थाने की पुलिस को साथ में लेकर गए जहां देखा गया कि तीनों कमरों के ताले और अलमारियां टूटी हुई थीं। चोर करीब पांच तोला सोने के आभूषण, एक किलो चांदी के सिक्के व जेवर, सात घड़ियां, एक कैमरा और लगभग साढ़े चार लाख रुपए नकद चोरी कर ले गए। संतोष कुमार ने बताया कि सोसायटी में चारों ओर बाउंड्री, सीसीटीवी कैमरे और गार्ड तैनात हैं, इसके बावजूद चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। संतोष कुमार आज सुबह कोटा पहुंचे और बोरखेड़ा थाने में शिकायत दर्ज करवाई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


