गिरिडीह-डुमरी मार्ग पर दादी-पोता की मौत:तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से हादसा, परिवार में पसरा मातम

गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग पर गुरुवार शाम को एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दादी और पोता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। यह हादसा पीरटांड़ थाना क्षेत्र के पांडेडीह गांव के पास हुआ, जब एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने पर पीरटांड़ थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, गिरिडीह भेज दिया। मृतकों की पहचान पीरटांड़ थाना क्षेत्र के चम्पानगर निवासी 30 वर्षीय अनिल मुर्मू और उनकी 60 वर्षीय दादी माझली देवी के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों दूधीमाटी में रिश्तेदार के यहां से बाइक पर घर लौट रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, अनिल की शादी दो वर्ष पूर्व हुई थी। उनकी एक छोटी बेटी है और पत्नी वर्तमान में गर्भवती हैं। अनिल परिवार का मुख्य सहारा थे। इस हादसे से परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से भी हादसे से संबंधित जानकारी मिलने पर तुरंत थाना को सूचित करने की अपील की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *