कोटा ग्रामीण पुलिस ने 14 लाख की स्मैक पकड़ी:नाकाबंदी के दौरान एक आरोपी गिरफ्तार

कोटा ग्रामीण जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला स्पेशल टीम और थाना सांगोद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 7.16 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 14 लाख 32 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि 19 जनवरी को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए जिला स्पेशल टीम और थाना सांगोद की पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान उजाड़ नदी पुलिस चौकी के पास गाडरवाड़ा रोड पर एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में पेड़ के नीचे बैठा दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर वह भागने लगा, जिस पर टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके पास से 7.16 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में उसकी पहचान मोहम्मद फरीद खान पुत्र हफीज खान, उम्र 59 वर्ष, निवासी जाल पाड़ा सांगोद के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना सांगोद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि इस तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है और क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *