कोटा दौरे पर सुभाष मेहरिया, बजट को बताया ऐतिहासिक:कहा पेंशनरों, युवाओं और किसानों के लिए राहत भरा बजट,पेपर लीक के बड़े आका भी जल्द जाएंगे जेल

बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुभाष मेहरिया आज कोटा दौरे पर रहे। कोटा सर्किट हाउस पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए राज्य सरकार द्वारा पेश किए गए बजट को ऐतिहासिक और जनकल्याणकारी बताया। सुभाष मेहरिया ने कहा कि बजट ज्ञान, गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति को समर्पित है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और वित्त मंत्री दीया कुमारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह बजट केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि धरातल पर उतरेगा और आमजन को सीधा लाभ मिलेगा। मेहरिया ने कहा कि प्रदेश के 91 लाख से अधिक पेंशनरों के लिए लगभग 28 हजार 400 करोड़ रुपए की पेंशन का प्रावधान किया गया है, जो सामाजिक सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने समाज के निर्धनतम तबके तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि असहाय और लावारिस व्यक्तियों को दस्तावेजों के अभाव में भी मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना और निरोगी राजस्थान योजना के तहत मुफ्त इलाज का लाभ दिया जाएगा। साथ ही घूमंतू और अर्द्धघूमंतू परिवारों के बच्चों की शिक्षा के लिए प्रत्येक जिले में “स्कूल ऑन व्हील्स” स्थापित किए जाएंगे। युवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में युवा नीति, कौशल नीति और रोजगार नीति लागू की गई है। चार लाख भर्तियों के संकल्प की दिशा में एक लाख से अधिक नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि एक लाख 43 हजार पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। इस वर्ष भी एक लाख से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। मेहरिया ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत एक लाख युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण पर ब्याज, मार्जिन मनी और अनुदान दिया जाएगा। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में 400 स्कूलों को सीएम-राइस स्कूल के रूप में क्रमोन्नत करने की घोषणा की गई है। किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि के तहत 76 लाख से अधिक किसानों के खातों में डीबीटी के माध्यम से बड़ी राशि हस्तांतरित की गई है। ब्याजमुक्त फसली ऋण योजना के जरिए लाखों किसानों को राहत दी जाएगी। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मेहरिया ने कहा कि पेपर लीक के मामलों में दोषियों पर कार्रवाई जारी है और इसमें शामिल बड़े आका भी जल्द ही जेल जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *