कोटा जिला वेटलिफ्टिंग संघ की ओर से 15 से 21 दिसंबर तक आयोजित अस्मिता खेलो इंडिया राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता का आगाज रघुराई स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश बिरला रहे, जिन्होंने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।आज से खिलाड़ी अलग-अलग भार वर्गों में दिखाएंगे दम-ख़म। इस अवसर पर राजेश बिरला ने कहा कि वेटलिफ्टिंग केवल ताकत का खेल नहीं, बल्कि यह बल, बुद्धि और शरीर के संतुलन का अद्भुत समन्वय है। यह खेल कम वजन के खिलाड़ी को भी अधिक वजन उठाने की क्षमता देकर आत्मविश्वास और मनोबल बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि देशभर से आई बालिकाएं और खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करेंगे। बिरला ने कहा कि भारत में खेल तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और सरकार की योजनाओं से खिलाड़ियों को मजबूत मंच मिल रहा है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से कोटा खेलों का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है, जहां राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही हैं। कोटा जिला वेटलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष जसपाल सिंह आहलूवालिया ने बताया कि इस प्रतियोगिता में करीब 200 से अधिक खिलाड़ी विभिन्न भार वर्गों में भाग ले रहे हैं। कोटा वासियों को पहली बार ओलंपिक स्तर की वेटलिफ्टिंग और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को प्रत्यक्ष देखने का अवसर मिलेगा। सचिव राजकुमार आसोपा और मीडिया कोऑर्डिनेटर कविश जैन ने बताया कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और सकारात्मक माहौल उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय कोच, अनुभवी निर्णायक और खेलो इंडिया से जुड़े अधिकारी भी मौजूद हैं। प्रत्येक भार वर्ग में आकर्षक प्रोत्साहन राशि तय की गई है, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह और बढ़ेगा।


