कोटा के महावीर नगर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने किराना दुकान में सेंध लगाई है। बदमाश दुकान से सिगरेट, पान मसाला के पाउच, काजू बादाम केसर सहित अन्य आइटम चोरी कर ले गए। इतना ही नहीं गल्ले में रखे 40 हजार भी पार कर लिए। सुबह दुकान खोलने पर व्यापारी को चोरी का पता लगा। घटना 20 जनवरी तड़के की सुभाष नगर सेकंड इलाके की है। पीड़ित ने इसकी शिकायत थाने में दी है। पीड़ित व्यापारी अनिल मेडतवाल ने बताया की उनकी सुभाष नगर सेकंड मेन रोड़ पर थोक किराना की दुकान है। 19 जनवरी को रात को दुकान बंद करके गए। 20 जनवरी सुबह 9बजे दुकान खोली तो दुकान का सारा सामान इधर उधर बिखरा हुआ था। गल्ले से 40 हजार की नगदी गायब थी। छत की खिड़की टूटी हुई थी। सीसीटीवी फुटेज चैक किए। जिसमें रात 2 बजे बाद दो बदमाश दुकान में चोरी करते हुए दिखाए दिए। बदमाश काफ़ी देर तक दुकान में रहे। दुकान से सिगरेट के अलग अलग पैकेट, पान मसाला, गुटका, काजू बादाम, केसर, पिस्ता, तेल का टिन, देशी घी, किशमिश, अखरोट सहित अन्य आइटम कट्टे में भरकर ले गए। वहीं गल्ले से 40 हजार की नगदी भी चोरी करके चले गए। इसकी शिकायत महावीर नगर पुलिस को दी है। बदमाश पड़ोसी की छत के सहारे आए। दुकान से 4 लाख से ज्यादा क़ीमत का सामान चोरी हुआ है।


