कोटा के अनंतपुरा इलाके में एक तेज रफ्तार बाइक ने दूसरी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। सड़क हादसे में बाइक सवार डिलीवरी बॉय की मौत हो गई। जबकि टक्कर मारने वाले युवक को मामूली चोट आई है। बुधवार को न्यू मेडिकल अस्पताल की मोर्चरी में शव पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। घटना अनंतपुरा थाना क्षेत्र के बरड़ा बस्ती में मंगलवार शाम 5 बजे की है। मृतक बंशीलाल लोधा (36) बरड़ा बस्ती थाना अनंतपुरा क्षेत्र का निवासी था। ऑनलाइन डिलीवरी के काम के लिए निकला था युवक दरअसल, मंगलवार शाम करीब 5 बजे ऑनलाइन डिलीवरी के काम के लिए बंशीलाल बाइक लेकर घर से निकला था। वह घर से 1 किलोमीटर दूर ही पहुंचा था। इस दौरान रास्ते में अचानक पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में बंशीलाल के चेहरे और सिर में गंभीर चोट लगी। न्यू मेडिकल अस्पताल में युवक ने तोड़ा दम हादसे के बाद बाद आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में घायल बंशीलाल को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान मंगलवार की देर रात करीब 2 बजे उसकी मौत हो गई। शराब के नशे में लग रहा था टक्कर मारने वाला युवक मृतक के पड़ोसी मुकेश कुमार ने बताया कि टक्कर मारने वाला युवक शराब के नशे में लग रहा था, जो हॉस्पिटल भी आया था। लेकिन कुछ देर बाद वह अस्पताल से गायब हो गया। उन्होंने बताया कि मृतक बंशीलाल के दो छोटे बच्चे(8 और 10 साल) हैं। पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा शव एसआई ने बताया कि अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों की शिकायत पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्विगी कंपनी में डिलीवरी बॉय का करता था काम अनंतपुरा थाना SI रोहित कुमार ने बताया कि बंशीलाल स्विगी कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता था। जो मंगलवार को कंपनी की बोरखेड़ा ब्रांच में जा रहा था। इस दौरान वह पांडे मल्टी के पास सड़क हादसे का शिकार हो गया।


