कोटा में जानवरों के अवशेष से भरा लोडिंग वाहन पकड़ा:गौ अवशेष होने की आशंका पर दादाबाड़ी थाने लाए गौरक्षक,जांच और पोस्टमार्टम की मांग को लेकर किया हंगामा

कोटा के दादाबाड़ी थाना क्षेत्र के शिवपुरा रावतभाटा रोड इलाके में एक लोडिंग पिकअप वाहन से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने उसे रुकवाया। वाहन की तिरपाल हटाकर देखने पर उसमें जानवरों के कटे हुए मांस, हड्डियां और अन्य अवशेष पड़े मिले। आशंका जताई जा रही है कि इनमें गाय सहित अन्य जीव-जंतुओं के अवशेष हो सकते हैं। स्थानीय निवासी भाजपा युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राहुल सिंह सिकरवार ने बताया कि रावतभाटा रोड से गुजरते समय लोगों को दुर्गंध महसूस हुई, जिस पर वाहन को रोका गया। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्रित हो गए। सूचना मिलने पर बजरंग दल और गौ रक्षक संगठन के लोग भी वहां पहुंच गए। इसके बाद लोडिंग पिकअप को दादाबाड़ी थाना लाया गया। थाने के बाहर बड़ी संख्या में गौ रक्षक और स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। गौ रक्षकों का कहना है कि कोटा शहर के अलग-अलग इलाकों में आए दिन गाय के कटे हुए पैर, सिर और अन्य अवशेष मिलते रहते हैं, लेकिन अब तक यह पता नहीं चल पाया है कि इसके पीछे कौन लोग हैं। गौ रक्षकों ने पुलिस को लिखित शिकायत देते हुए मांग की है कि वाहन में मिले अवशेषों की जांच करवाई जाए और पोस्टमार्टम कराया जाए, ताकि स्पष्ट हो सके कि इसमें गाय के अवशेष हैं या नहीं। डीएसपी योगेश शर्मा ने बताया कि कुछ लोग एक लोडिंग पिकअप लेकर थाने पहुंचे थे, जिसमें जानवरों के मांस के अवशेष थे। शिकायत लिखित में ले ली गई है और मामले की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *