कोटा में तिलम संघ के खरीद केंद्र पर अवैध वसूली!:कैथून में मंडी गेट पर 9 घंटे धरने पर बैठे रहे किसान, अधिकारी के आश्वासन पर माने

जिले के कैथून में मंडी गेट पर भारतीय किसान संघ राजस्थान की अगुवाई में किसान 9 घंटे तक धरने पर बैठे रहे। शाम को एसडीएम गजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। किसानों से वार्ता कर समस्या समाधान का आश्वासन दिया। जिसके बाद किसानों ने धरना खत्म किया। किसानों का आरोप था कि तिलम संघ द्वारा लगाए गए खरीद केंद्र पर व्यवस्थापक द्वारा किसानों से अवैध वसूली की जा रही है। खरीद केंद्र पर किसानों के लिए पीने की पानी की व्यवस्था नहीं है। व्यवस्था सुधार की मांग को लेकर किसान सुबह 10 बजे से धरने पर बैठे थे। मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। दोपहर में तिलम संघ के प्रबंधक, लाडपुरा तहसीदार मौके पर पहुंचे। किसानों से वार्ता के बाद भी सहमति नहीं बनी। जिसके बाद एसडीएम वार्ता के लिए मौके पर पहुंचे। एसडीएम गजेंद्र सिंह ने बताया कि किसानों की समस्याओं को सुना। कुछ समस्याओं का समाधान कर दिया है। किसानों ने जो आरोप लगाए है। उनकी जांच करवाई जाएगी। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। किसान संघ ने लगाए थे गम्भीर आरोप
किसान संघ के जिला मंत्री रूपनारायण यादव ने बताया कैथून में तिलम संघ द्वारा 18 मार्च से कांटा लगाया गया। यहां रोज किसान 50 ट्रॉली गेंहूं लेकर आ रहे है। खरीद केंद्र पर मौजूद व्यवस्थापक द्वारा 10 रूपए प्रति कट्टा तुलाई वसूली जा रही है। जबकि तुलाई की रेट 6 रूपए 20 पैसे है। वहीं सेंपल के नाम पर ट्रॉली से 5 से 6 किलो गेहूं लिया जा रहा है। जो किसानों से अवैध वसूली है। एक हजार रूपए लेकर ट्रॉली को पास किया जाता है। पैसा नहीं देने पर गेहूं नापास कर दिया जाता है। जब से खरीद केंद्र शुरू हुआ तब से यहां पीने के पानी की व्यवस्था नहीं की गई। खरीद केंद्र पर व्यवस्थापक के साथ उसका पुत्र भी रहता है। जो न्याय संगत नहीं है। खरीद केंद्र पर हो रही अनियमितता को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को भी सूचित किया गया लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई मजबूरन किसानों को आज धरने पर बैठना पड़ा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *