कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह हादसा बूंदी जिले के तालेड़ा थाना क्षेत्र के बरुंधन इलाके में हुआ, जहां तेज रफ्तार लोडिंग पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायल युवक को कोटा के एमबीएस हॉस्पिटल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए निजी हॉस्पिटल लेकर गए, लेकिन आज इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान जय राठौड़ उम्र 32 वर्ष, निवासी नान्ता, कोटा के रूप में हुई है। मृतक के चचेरे भाई जितेंद्र राठौड़ ने बताया कि जय राठौड़ नान्ता इलाके से बूंदी की ओर जा रहा था। इसी दौरान बरुंधन चौराहे के पास तेज गति से आ रही लोडिंग पिकअप ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
घटना की सूचना पर तालेड़ा थाना पुलिस सक्रिय हुई और शव को कोटा एमबीएस हॉस्पिटल के पोस्टमॉर्टम रूम में शिफ्ट करवाया गया। पुलिस ने सड़क हादसे की शिकायत दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पिकअप चालक की पहचान और हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है।


