कोटा में पैसे लौटाने के बहाने बुलाकर जमकर की मारपीट:युवक पर लोहे के पाइप डंडों से किया हमला, मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती

कोटा के आरके पुरम इलाके में उधारी के पैसे वापस मांगना एक युवक को भारी पड़ गया। बीएसएनएल सर्किल पर पैसे देने के बहाने बुलाकर कुछ युवकों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजनों की मदद से कोटा के मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घायल युवक की पहचान बसंत विहार निवासी 27 वर्षीय मनोज सोनी पुत्र राजेन्द्र सोनी के रूप में हुई है। पीड़ित मनोज सोनी ने बताया कि उसने 25 नवंबर 2025 को राजा गोस्वामी को 40 हजार रुपये और राजा गुंजल को 70 हजार रुपये उधार दिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद शनिवार की शाम जब उसने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी युवकों ने उसे बीएसएनएल सर्किल पर बुलाया। मनोज ने बताया कि वहां पहुंचते ही आरोपियों ने लोहे के पाइप और डंडों से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान राजा गोस्वामी और राजा गुंजल के साथ छह अन्य युवक भी मौजूद थे, जिन्होंने मिलकर उसके साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल होने के बाद आरोपी उसे सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद मनोज ने किसी तरह अपने रिश्तेदारों को फोन कर सूचना दी। मौके पर उसके पिता, भाई और अन्य परिजन पहुंचे और उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल ले जाया गया। मनोज ने आरके पुरम थाने में आरोपियों के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *