कोटा में लेडीज संगीत के दौरान बड़ी चोरी VIDEO:मैरिज गार्डन से 8 लाख नकद व सोने के गहने चोरी, CCTV में कैद चोर

कोटा शहर में शादी की खुशियों के बीच चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। बोरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित एक मैरिज गार्डन में आयोजित शादी समारोह के दौरान चोरों ने लाखों रुपये की नकदी और सोने के गहनों से भरा बैग चुरा लिया। इस घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। तलवंडी निवासी कमल पाल की 28 जनवरी की रात बेटी की मैरिज गार्डन में लेडीज संगीत का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान दुल्हन पक्ष का एक बैग गायब हो गया। बैग में करीब 8 लाख रुपये नकद, चार सोने की चेन और हाथों के कंगन रखे हुए थे। चोरी की भनक लगते ही परिजनों ने तुरंत बोरखेड़ा थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और मैरिज गार्डन में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में सफेद शर्ट और नीले रंग का कोट पहने दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों युवकों ने पहले मैरिज गार्डन में घूम-घूमकर रेकी की और मौका मिलते ही ज्वैलरी व नकदी से भरा बैग उठाकर फरार हो गए। फिलहाल आरोपियों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। चोरों की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *