कोटा के शॉपिंग सेंटर इलाके में स्थित मंदिर में शिव परिवार को खंडित करने का मामला सामने आया है। पता लगने पर गुस्साए स्थानीय व्यापारियों ने इसका विरोध जताया। व्यापारियों का आरोप है कि असामाजिक तत्वों ने मंदिर में लगी मूर्तियों में तोड़फोड़ की है, और पोशाकें जलाई हैं। व्यापारी कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध में उतर गए। कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। सूचना पर एडिशनल एसपी दिलीप सैनी सहित पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। उसी दौरान रोज की तरह मंदिर में पूजा करने आई बुजुर्ग महिला मंदिर की स्थिति देख रोने लगीं। महिला के आंख से आंसू निकलने लगे। पता लगने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। सड़क पर धरने पर बैठ गए। रोड़ जाम कर दिया। स्थानीय व्यापारी गौरव अग्रवाल ने बताया शॉपिंग सेंटर इलाके में बंधन बैंक के सामने डिवाइडर पर मंदिर बना हुआ है। ये प्राचीन मंदिर है। इस मंदिर से व्यापारियों की काफी आस्था जुड़ी है। सभी व्यापारी यहां दर्शन करके ही दुकान खोलते हैं। मंदिर में शिवलिंग, पार्वती, गणेश सहित अन्य भगवान की मूर्तियां हैं। आज सुबह 6 बजे पुजारी आया तो मंदिर के आसपास शिव परिवार की मूर्तियां टूटी हुई मिली। भगवान को पहनाई हुई पोशाकें जली हुई थी। स्थानीय व्यापारियों में घटना को लेकर काफी गुस्सा है। सभी व्यापारी कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में 3:45 बजे करीब एक संदिग्ध मंदिर के आसपास घूमता नजर आया है। सुनील निमोदिया ने बताया यह प्राचीन मंदिर है जो डिवाइडर के बीच बना हुआ है आसपास के दुकानदार दुकान का शटर खोलने से पहले मंदिर में भगवान के जल चढ़ाते हैं। रात को एक व्यक्ति मंदिर के आसपास घूम रहा था जिसे स्थानीय लोगों ने टोका था लेकिन वो गया नहीं। हमारी मांग है मंदिर में तोड़फोड़ करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। एडिशनल एसपी दिलीप सैनी ने बताया शॉपिंग सेंटर इलाके में पिपलेश्वर महादेव मंदिर में असामाजिक व्यक्ति द्वारा मूर्तियों को नुकसान पहुंचाने की शिकायत मिली थी। जिस पर मौका निरीक्षण किया है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे हैं। आस पड़ोस के लोगों ने बताया रात के समय मानसिक रूप से विमंदित व्यक्ति मंदिर के आसपास घूम रहा था। जिसे लोगों ने टोका था। आज सुबह 6 बजे भी वो व्यक्ति मंदिर के आसपास ही था। वो बहकी बहकी बातें कर रहा था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।


