कोटा शहर में रविवार को एक मंदिर में शिव परिवार की मूर्तियों को खंडित करने की घटना सामने आई थी। घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक मंदिर से कूदता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो में मंदिर के पास एक बाइक भी खड़ी हुई है, जिसे थोड़ी देर बाद एक अन्य युवक लेकर चला जाता है। हालांकि, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बाइक पर कितने युवक सवार थे और वे मंदिर के पास क्या कर रहे थे। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद बजरंग दल ने इस घटना को एक षड्यंत्र बताया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी में दिख रहे संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय व्यापारियों ने बाजार बंद का फैसला वापस ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब 5 पॉइंट्स में समझिए पूरा मामला… 1. बजरंग दल ने जताई साजिश की आशंका
बजरंग दल के प्रांत संयोजक योगेश रेनवाल ने कहा कि पूरे हाड़ौती संभाग में काफी समय से इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने इसे सोची-समझी साजिश और षड्यंत्र का हिस्सा बताया। कोटा में गणेश चतुर्थी के दिन जायका रेस्टोरेंट द्वारा लगाए गए बैनर पर भगवान गणेश की सूंड पर नॉनवेज रख दिया गया था। उसी दिन प्रेम नगर इलाके में शिव मंदिर में एक विशेष समुदाय के युवक ने शिवलिंग पर टॉयलेट किया। तीन दिन पहले थेगड़ा शिवपुरी धाम के बाहर नॉन वेज फेंका गया। अगले दिन शॉपिंग सेंटर स्थित प्राचीन पिपलेश्वर मंदिर में मूर्तियों को तोड़ा गया, भगवान की पोशाकें जलाई गईं। 2. हिंदू विरोधी तत्वों से फंडिंग का षड्यंत्र
रेनवाल ने कहा कि इन घटनाओं के पीछे गहरा षड्यंत्र नजर आ रहा है। इन घटनाओं के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर डालकर हिंदू विरोधी तत्वों से मोटी फंडिंग उठाने का षड्यंत्र हो सकता है। पुलिस विशेष जांच टीम बनाकर सभी घटनाओं की गंभीरता से जांच करे, क्योंकि सभी घटनाएं हिंदू धर्म से जुड़ी जगहों पर हो रही हैं। 3. मंदबुद्धि बताकर मामले को दबाने की कोशिश
बजरंग दल के प्रांत संयोजक योगेश रेनवाल ने कहा कि पिपलेश्वर मंदिर में मूर्तियों को तोड़ने के आरोपी को मंदबुद्धि बताया जा रहा है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है। आज हमने मौके पर आकर दुकानदारों और दुकानों में लगे गार्ड से बातचीत की तो पता लगा कि घटना वाली रात को बैंक के गार्ड द्वारा टोकने पर उसी मंदबुद्धि युवक ने गार्ड को चाकू मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने जब उसे पकड़ा और रिश्तेदारों से वॉट्सऐप कॉल पर बात कराई तो उसने ठीक से बात की। ऐसे में सवाल उठता है कि ऐसा व्यक्ति मंदबुद्धि कैसे हो सकता है। 4. मंदिर के बाहर संदिग्ध बाइक, पुलिस करे जांच
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शॉपिंग सेंटर इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में तड़के 4 बजकर 45 मिनट के आसपास संदिग्ध युवक मंदिर में नजर आया। उसी वक्त वहां बाइक भी खड़ी हुई थी। बाइक पर कोई बैठा हुआ था। एक-दो मिनट के बाद युवक मंदिर से नीचे कूदा, फिर बाइक सवार भी वहां से रवाना हो गया। यह शंका पैदा करने वाली स्थिति है। पुलिस को बाइक के बारे में पता लगाना चाहिए। आज भी पुलिस की टीम ने मौके पर जाकर जांच की है। 5. व्यापारियों ने वापस लिया बाजार बंद का फैसला, जल्द होगी मूर्ति स्थापना
शॉपिंग सेंटर मार्केट महासचिव संजीव विजय ने बताया कि आज सुबह सभी व्यापारी इकट्ठा होकर गुमानपुरा थाने गए थे, जहां पुलिस ने बताया कि 30 नवंबर की घटना के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके बाद बाजार बंद का फैसला वापस ले लिया गया। अब मंदिर के मूर्ति स्थापना (प्राण प्रतिष्ठा) के बारे में समिति के सभी लोग मिल बैठकर बात कर रहे हैं। संभवत: 15 दिन के (मलमास लगने से पहले) भीतर कार्य पूरा करेंगे। पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी इस बारे में कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस सभी मामले में जांच कर रही है, अभी तक तो यह है कि जो संदिग्ध दिख रहा था, उसकी पहचान हो चुकी है। —– शिव मंदिर से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए…
कोटा के शिव मंदिर में मूर्तियां तोड़ी, पोशाकें जलाईं:गुस्साए लोगों की पुलिस से धक्का-मुक्की; बुजुर्ग महिला बोली- अन्न-जल ग्रहण नहीं करूंगी कोटा शहर में रविवार को एक मंदिर में शिव परिवार की मूर्तियों को खंडित कर दिया गया। इससे गुस्साए हिंदू संगठन से जुड़े कार्यकर्ता आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने दोपहर 2 बजे बाजार बंद कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की हो गई। मामला गुमानपुरा थाना क्षेत्र के शॉपिंग सेंटर इलाके के पिपलेश्वर महादेव मंदिर का है। (खबर पढ़े)


