कोटा में 5 लड़कियां लापता, शिक्षा मंत्री बोले- बुलडोजर चलेगा:बेटियों के मामले में सहन नहीं करेंगे; वापस नहीं भेजा तो किसी को बख्शा नहीं जाएगा

कोटा जिले के सुकेत थाना इलाके में पिछले 8 दिन में 5 लड़कियों के लापता होने के मामले में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने बुलडोजर चलाने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा- लड़कियों को लेकर जाने वाले गुंडों, कान खोल कर सुन लो अगर लड़कियों को वापस उनके घर नहीं भेजा तो गुंडागर्दी सहन नहीं की जाएंगी। ऐसे गुंडों के घर बुलडोजर चलेगा और सख्ती से कार्रवाई होगी। दरअसल, रामगंजमंडी विधायक और प्रदेश के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर शनिवार रात को 11 बजे सुकेत पहुंचे थे। इस दौरान कुछ परिवारों ने मंत्री को बेटियों के लापता होने की शिकायत की। इस पर मंत्री ने फौरन सुकेत एसएचओ छोटू लाल से मामले के बारे में पूछा। सुकेत में गर्ल्स कॉलेज को निरस्त करूंगा – शिक्षा मंत्री
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा- सुकेत में मैंने राजकीय कन्या महाविद्यालय दिया, ताकि अपनी बहन-बेटियां पढ़कर कुछ अच्छी काबिल ऑफिसर बने। हिन्दू की बेटी, हो या मुसलमान की बेटी, किसी की इज्जत पर हाथ डाला तो मेरे से बुरा कोई नहीं होंगा। बेटियों की सुरक्षा करना हम सब का जिम्मा है। अगर ऐसा ही चलता है तो सुकेत के कन्या महाविद्यालय को या तो अन्य जगह शिफ्ट करेंगे या निरस्त करूंगा। दिलावर ने मौके से ही डीएसपी घनश्याम मीणा को फोन किया और कहा- गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं होगी। 5 दिन के अंदर सभी लड़कियां इनके घर पहुंचनी चाहिए। चाहे 2 टीम लगाओ या पुलिस की 20 टीमें। इस दौरान मंत्री दिलावर ने कहा- ऐसा कृत्य करने वाले हिन्दू हो या मुसलमान, बेटियों के मामले में सहन नहीं करेंगे। लड़कियों को लेकर जाने वाले गुंडों के घर वाले भी कान खोल कर सुन ले। लड़कियों को उनके घर पहुंचा दो नहीं तो बख्शा नहीं जाएगा। बुलडोजर चलाना पड़ा तो वह भी चलाएंगे। पुलिस भी सारे काम छोड़ कर इन मामले में लगे। मुझे लापता हुई लड़कियां चाहिए सख्त कार्रवाई की जाएगी, 5 टीमें बनाई
मामले को लेकर डीएसपी घनश्याम मीणा ने कहा- सुकेत थाने में लड़कियों के संबंध में गुमशुदगी दर्ज हुई है। लापता बालिकाओं को ढूंढने के लिए 5 टीमें बनाई गई है। साथ ही जो पीड़ित परिवार गुमशुदगी दर्ज करवाना चाहता हैं वो थाने पहुंचे। पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। लड़कियों के लापता होने के 5 मामले आए
एसएचओ छोटू लाल ने बताया- पहला मामला 22 फरवरी को आया। बाजार क्षेत्र से एक लड़की लापता हुई थी। इसके बाद सुकेत के ग्रामीण क्षेत्र से 25 फरवरी को एक लड़की के लापता होने गुमशुदगी दर्ज हुई। 27 फरवरी को भी जुल्मी में बालिका के लापता होने का मामला सामने आया। 1 मार्च को सुकेत से 2 लड़कियों के लापता होने का मामला सामने आया। 5 में से 2 लड़कियां नाबालिग हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *