दिल्ली–मुंबई रेलवे लाइन पर स्थित कोटा रेलवे स्टेशन पर नए साल, क्रिसमस और अजमेर उर्स मेले के मद्देनज़र जीआरपी ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बढ़ते यात्री दबाव और संभावित भीड़ को देखते हुए स्टेशन परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान मेटल डिटेक्टर, लगेज स्कैनर और सीसीटीवी कैमरों की मदद से यात्रियों और उनके सामान की गहन जांच की जा रही है। जीआरपी के डीएसपी शकील अहमद थाना प्रभारी और पूरे पुलिस जाप्ते के साथ कोटा रेलवे स्टेशन पर मौजूद रहे। उन्होंने प्लेटफार्मों पर यात्रियों से संवाद करते हुए उनके सामान की स्वयं जांच की और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वारों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि जीआरपी का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकना है, ताकि यात्री निर्भय होकर अपनी यात्रा करे। डीएसपी शकील अहमद ने बताया कि अभियान के तहत कोटा स्टेशन सहित मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। नए साल, क्रिसमस और उर्स मेले के चलते यात्रियों की संख्या में भारी इजाफा हो रहा है, इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष चेकिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि डॉग स्क्वाड की सहायता ली जा रही है और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।


