कोठार पंचायत में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा:सरपंच-सचिव पर ग्रामीणों ने लगाए आरोप, अब प्रशासन कराएगा जांच

सीधी जिले की जनपद पंचायत सीधी के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोठार में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने सरपंच सुनीता सिंह और सचिव देवेंद्र तिवारी पर दबंगई से अतिक्रमण कराने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विरोध करने पर क्षेत्रीय अपराधियों के माध्यम से धमकियां दी जा रही हैं, जिससे गांव में दहशत का माहौल है। सामाजिक कार्यकर्ता दीपक तिवारी ‘दीपू’ ने बताया कि सरपंच और सचिव लंबे समय से पंचायत में भ्रष्टाचार कर रहे हैं। अब वे सरकारी जमीन पर कब्जा करवा रहे हैं। जब उन्होंने और कुछ ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। दीपक तिवारी ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में सरपंच सुनीता सिंह, सचिव देवेंद्र तिवारी और राजस्व विभाग के चपरासी दामोदर तिवारी की मिलीभगत है। सरपंच पति अनेंदे सिंह और सौरभ सिंह बाबा पर फोन पर धमकियां देने का भी आरोप है। ग्रामीण सौरव तिवारी ने बताया कि सड़क किनारे की कीमती जमीन, जिसका उपयोग स्कूल या अन्य विकास कार्यों के लिए हो सकता था, उस पर अवैध कब्जा किया जा रहा है। इससे न केवल सरकारी जमीन का नुकसान हो रहा है, बल्कि गांव के विकास कार्य भी बाधित हो रहे हैं। इस मामले में जनपद पंचायत सीधी के सीईओ चंदूलाल पनिका ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच करवाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *