भास्कर संवाददाता | बैतूल शहर के संकरे चौराहों पर हो रही दुर्घटनाओं का मामला सामने आने के बाद नगरपालिका और पीडब्ल्यूडी हरकत में आए। कोठी बाजार में सीमेंटेड चौराहे का निर्माण तेजी से शुरू हुआ। भगवान परशुराम चौराहे पर बैरिकेडिंग कर खुदाई शुरू कर दी गई। चौराहे का क्षेत्रफल 25 हजार स्क्वेयर फीट से बढ़ाकर 46 हजार स्क्वेयर फीट किया जाएगा। इसके लिए जेसीबी मशीन से खुदाई और पुरानी पुलिया हटाने का काम शुरू हुआ। नगरपालिका ने चार चौराहों के सौंदर्यीकरण के लिए 1 करोड़ 70 लाख रुपए का प्रोजेक्ट तैयार किया है। इसमें से 1 करोड़ 5 लाख रुपए भगवान परशुराम चौराहे के चौड़ीकरण पर खर्च होंगे। टेंडर और वर्क ऑर्डर होने के बावजूद काम शुरू नहीं हुआ था। इससे रोज वाहन टकरा रहे थे। लोगों को चोटें लग रही थीं। शनिवार से चौराहे को पूरा बनाने का काम शुरू हुआ। नपा के सब इंजीनियर पंकज धुर्वे ने बताया कि भगवान परशुराम चौराहे पर जेसीबी से खुदाई शुरू हो गई है। उधर, नपा कार्यालय के सामने पुराने फव्वारा चौराहे का काम भी एक दिन में तेजी से हुआ। सीमेंट बिछाकर बारदाने से तराई की गई। यह काम लंबे समय से रुका था। भास्कर में खबर छपते ही एक दिन में पूरा कर दिया गया। लोग यह देख हैरान रह गए। संकरे चौराहे पर आपस में टकरा रहे वाहन भास्कर ने शनिवार को खस्ताहाल और संकरे चौराहे पर आपस में टकरा रहे वाहन शीर्षक से खबर प्रकाशित करके यहां काम नहीं होने का मामला उजागर किया था। इसके बाद यहां पर काम शुरू किया गया है। जेसीबी मशीनें से चौराहे के चौड़ीकरण के लिए ख्रुदाई और पुरानी पुलिया तोड़ने का काम शुरू किया गया।


