कोडरमा थाना क्षेत्र के रांची-पटना मुख्य मार्ग स्थित कोडरमा घाटी के नौवां माइल में शनिवार को एक सड़क हादसा हो गया। रिफाइन से लदा एक ट्रक गैस टैंकर को बचाने के प्रयास में पलट गया। इससे ट्रक में लदे रिफाइन के सारे कार्टून सड़क पर बिखर गए, जबकि गैस टैंकर सड़क किनारे फंस गया। गनीमत रही कि दोनों वाहनों के चालक और उपचालक को कोई चोट नहीं आई। इधर, घटना की सूचना के बाद मौके पर आसपास रहने वाले लोगों की भारी भीड़ लग गई। लोग अपने घरों से बर्तन, झोले और बोरा लेकर घटनास्थल पर पहुंच गए। वहां पहुंचते ही लोगों ने सड़क पर बिखरे रिफाइन के पैकेट और कार्टून लूटना शुरू कर दिया। ट्रक चालक उन्हें रोकने की कोशिश करता रहा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसकी एक न सुनी और देखते ही देखते आधे से ज्यादा रिफाइन के कार्टून गायब हो गए। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भाग खड़े हुए वहीं, रिफाइन लूटने के दौरान कुछ स्थानीय लोग घायल भी हुए हैं। इनमें से एक घायल महिला लक्ष्मी मसोमात (40) को पुलिस ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मामले की सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी और गश्ती दल मौके पर पहुंचा। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भाग खड़े हुए। गैस टैंकर अचानक ट्रक के सामने आ गया दरअसल, रिफाइन से भरा ट्रक कोडरमा के रास्ते पटना जा रहा था। इसी दौरान कोडरमा घाटी के नौवां माइल के पास एक तीखे मोड़ पर विपरीत दिशा से आ रहा गैस टैंकर अचानक ट्रक के सामने आ गया। ट्रक चालक ने संतुलन खो दिया और वाहन सड़क किनारे पलट गया। वहीं, गैस टैंकर का चालक भी संतुलन खोकर सड़क किनारे खाई में जा फंसा। कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जवानों को घाटी में भेज दिया गया था। उन्होंने पुष्टि की कि अब स्थिति नियंत्रण में है।


