कोडरमा जिले के डोमचांच में एक अवैध चिकित्सक की लापरवाही से 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान तिलैया थाना क्षेत्र के इन्दरवा बस्ती निवासी खेसारीलाल यादव के रूप में हुई है। बच्चे के पिता गणेश यादव ने बताया कि उनका बेटा बुखार से पीड़ित था। रिश्तेदारों की सलाह पर वे बुधवार को डोमचांच के शहीद चौक स्थित डॉ. बबून के क्लिनिक पहुंचे। डॉक्टर ने जांच के बाद इंजेक्शन और दवाएं लिखकर तारा मेडिकल हॉल भेज दिया। वहां एक कम्पाउंडर ने बच्चे को इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगते ही बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी। उसे उल्टी और दस्त होने लगे। कुछ ही देर में उसकी मृत्यु हो गई। परिजनों ने डॉक्टर और कम्पाउंडर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। डॉ. बबून का कहना है कि बच्चे को बुखार था और उन्होंने एंटीबायोटिक इंजेक्शन की सलाह दी थी। इधर, कोडरमा के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में इस डॉक्टर का कोई पंजीकरण नहीं है। दवा दुकान और संचालक के खिलाफ जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि दो महीने पहले भी इसी क्षेत्र में एक अवैध चिकित्सक के गलत इलाज से एक मरीज की मौत हुई थी।


