भास्कर न्यूज | कोडरमा जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार शाम केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ कैंडल मार्च निकाला। यह मार्च न्यू अशोका होटल से झंडा चौक झुमरी तिलैया तक निकाला गया। मार्च के दौरान ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे लगे। कार्यक्रम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, झारखंड प्रभारी राजू कुमार और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर हुआ। नेतृत्व जिला अध्यक्ष भागीरथ पासवान ने किया। भागीरथ पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वोट चोरी कर सत्ता में बने हुए हैं। केंद्र सरकार लोकसभा और विधानसभा चुनाव में अपने पक्ष में नतीजे लाने के लिए वोटर लिस्ट में गड़बड़ी कर रही है। लाखों फर्जी नाम जोड़े जा रहे हैं। असली मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं। राहुल गांधी ने संसद में कई बार इसके प्रमाण दिए हैं। चुनाव आयोग को केंद्र सरकार ने अपनी कठपुतली बना लिया है। पासवान ने कहा कि विपक्ष लगातार डिजिटल वोटर लिस्ट की मांग कर रहा है। मोदी सरकार इसमें नाकाम रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियां सरकार के इशारे पर काम कर रही हैं। विपक्षी नेताओं को डराया जा रहा है। उन्हें पार्टी में शामिल होने का दबाव दिया जा रहा है। जो नहीं मानते, उन्हें झूठे केस में फंसाकर जेल भेजा जा रहा है। प्रदेश सचिव मनोज सहाय, महिला सचिव अर्चना सिंह, जिला प्रवक्ता संजय शर्मा, युवा नेता अनिल यादव, फैयाज अब्बू, संजय सेठ, राजू सिंह, अनिल दास, लीलावती मेहता, प्रदीप सिंह, राम लखन पासवान, उपेंद्र सिंह, दशरथ पासवान, प्रमोद बरनवाल सहित कई नेताओं ने कहा कि यह सरकार गरीब, पिछड़ा और दलित विरोधी है। यह जनता को गुमराह कर रही है। अब जनता जाग चुकी है। अब वह इनके झांसे में नहीं आने वाली। मौके पर हृदयनंद मिश्रा, संतोष कुशवाहा, चांद आलम, मनोज साहू, मोहम्मद ग़ालिब मंसूरी, राजनीतिक पासवान, संजय दास, उमाशंकर दास, कुंदन साहू, गुड्डू कुमार, मनोज कुमार देव, लखन यादव, पप्पू दास, सलीम खान, दिलीप राम, अर्जुन पासवान, जमाल मियां सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


