कोडरमा पुलिस ने पिछले दो महीनों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसपी अनुदीप सिंह ने नवलशाही थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। दुर्गा पूजा के मद्देनजर जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे। शनिवार की रात नवलशाही थाना पुलिस को गश्त के दौरान खटोलिया क्रेशर मंडी के पास तीन संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर दिखे। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे युवकों को पकड़ लिया गया। आरोपियों के पास से एक बोरा बरामद हुआ, जिसमें ताला तोड़ने के औजार मिले। पूछताछ में पता चला कि वे खटोलिया क्रेशर मंडी में चोरी करने आए थे। उनके पास से बरामद मोटरसाइकिल भी चोरी की निकली। आरोपियों ने स्वीकार किया कि पिछले कुछ महीनों से वे अपने 8-10 अन्य साथियों के साथ चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। एसपी ने एसडीपीओ अनिल सिंह के नेतृत्व में विशेष दल का गठन किया। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद उनके अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।उनके निशानदेही पर पुलिस द्वारा सभी सामानों की बरामदगी की गई। ये हुए हैं गिरफ्तार चोरी की कांड में लिप्त जिन अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, उसमें मरकच्चो थाना क्षेत्र अंतर्गत बेको निवासी 25 वर्षीय प्रभु मलहार पिता बलदेव मलहार, 18 वर्षीय सचिन मलहार, पिता सुरेश मलहार, 22 वर्षीय मिथिलेश मलहार पिता कृष्णा मलहार, 20 वर्षीय विशाल मलहार पिता सुरेश मलहार तथा हजरीबाग के लगनवां थाना क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय अरुण मलहार पिता नंदू मलहार, 18 वर्षीय रामु मलहार पिता विजय मलहार तथा 18 वर्षीय मुन्ना मलहार पिता अरुण मलहार के नाम शामिल हैं। इनके द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी किए गए पिकअप वैन, ऑटो, आधे दर्जन मोटरसाइकिल सहित बर्तन, जेवरात व नगद रुपए भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए उन्हें न्यायायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


