पाकुड़ जिले के हिरणपुर में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से कलश यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा सोमवार को पूजा स्थल डाक बंगला से प्रारंभ हुई। कलश यात्रा हिरणपुर बाजार से होते हुए स्टेट बैंक के रास्ते छठ पोखर तक पहुंची। महिलाओं ने कलश में जल भरा और विभिन्न मार्गों से होते हुए डाक बंगला लौटीं। यात्रा के समापन पर पुरोहित ने मंत्रोच्चार के साथ मां दुर्गा का आह्वान किया। पश्चिम बंगाल से आई महिला ढाकी दल ने पारंपरिक वादन से समां बांध दिया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने माता रानी के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह के नेतृत्व में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष दीपक साहा, नारायण भगत, वरुण रजक समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। नवरात्रि के पहले दिन शहर के ठाकुरबाड़ी मंदिर में मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की गई। पुरोहितों ने भक्तों से पुष्पांजलि करवाई। अग्रवाल समाज ने महाराज अग्रसेन की जयंती भी मनाई। सप्तमी से दुर्गा पूजा का उत्सव शुरू होगा। बाजारों में त्योहार की रौनक देखी जा रही है।


