कोडरमा में जेवरात की कर ली ठगी:बर्तन साफ करने के बहाने घर में घुसे दो युवक, केमिकल का झांसा देकर लाखों के गहने ले उड़े

कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत नरेश नगर में ठगी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात ठगों ने गृहस्वामी सत्यजीत कुमार उर्फ गोलू के घर पहुंचकर खुद को कंपनी का प्रचारक बताते हुए गहनों की साफ-सफाई करने का झांसा दिया। इस दौरान घर में केवल गोलू की मां और उनकी बहू मौजूद थीं। ठग ने पहले घर के बर्तनों को साफ कर भरोसा जीता और फिर सोने के जेवरात साफ करने की बात कही। महिलाएं उसकी बातों में आकर अपने कीमती गहने उस बर्तन में डाल दीं, जिसमें पहले से केमिकल मिला हुआ था। बहू के गहने भी किए गायब गोलू की मां ने बताया कि उन्होंने अपने कानों से सोने के टॉप्स निकालकर बर्तन में डाल दिए। इसके बाद ठग ने उनकी बहू को भी जेवर साफ करने के लिए कहा। बहू ने घर से सोने की चेन, शादी में चढ़ाया हुआ ढोलना, अंगूठी और कानों के झुमके लाकर बर्तन में डाल दिए। इस बीच उसका एक और साथी बिना नम्बर प्लेट की बाइक से वहां पहुंचा। दोनों ने चालाकी से महिलाओं के हाथ में केमिकल लगाकर तुरंत धोने को कहा। जैसे ही महिलाएं घर के अंदर हाथ धोने गईं, वैसे ही दोनों युवक गहनों से भरा बर्तन लेकर मौके से फरार हो गए। शोर मचाने पर जुटे लोग जब महिलाएं बाहर लौटीं तो देखा कि युवक गायब हो चुके हैं। आसपास खोजबीन करने पर भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद महिलाओं ने शोर मचाना शुरू किया, जिस पर मोहल्ले के लोग जुटे और ठगों की तलाश करने लगे। लेकिन तब तक दोनों ठग मोहल्ले से बाहर निकल चुके थे। पीड़ित परिजनों ने बताया कि ठगों द्वारा ले जाए गए गहनों की कुल कीमत लगभग तीन लाख रुपए आंकी गई है। इस घटना से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। जांच में जुटी पुलिस घटना की जानकारी मिलते ही तिलैया पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। देर रात पीड़ित परिवार ने तिलैया थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें दोनों ठगों का घर में प्रवेश और निकलने का वीडियो मिला है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर उनकी पहचान कर गिरफ्तारी की कोशिशें तेज कर दी गई हैं। वहीं, पुलिस लोगों को सतर्क रहने और अज्ञात व्यक्तियों पर भरोसा न करने की अपील कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *