मुसाबनी | रविवार की सुबह 10 बजे पूरी धाम के श्री श्री शंकराचार्य के आश्रम से पंडित कथा रत्न ज्ञान महाराज जी का प्रवचन कार्यक्रम का आयोजन जगन्नाथ सेवा ट्रस्ट परिसर में किया गया है। इस प्रवचन कार्यक्रम में वे श्री जगन्नाथ महिमा पर प्रवचन देंगे। ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ जीसी सतपति ने बताया कि जगन्नाथ संस्कृति के प्रचार प्रसार तथा सनातन धर्म की सुरक्षा के उद्देश्य लेकर हमारे बीच पधार रहे हैं। महाराज जी 10 बजे हमारे गणेश मंदिर प्रांगण में पहुंच कर प्रथम श्री गणेश तथा श्री जगन्नाथ स्वामी का आशीर्वाद प्राप्त कर निर्माणाधीन मंदिर स्थल पर जाएंगे एवं श्री जगन्नाथ महिमा पर प्रवचन प्रदान करेंगे। डॉ जीसी सतपति ने सभी श्रद्धालुओं से निवेदन किया है कि सुबह 10 बजे सभी भक्त गण गणेश मंदिर प्रांगण में उपस्थित रहकर महाराज जी का स्वागत करने के साथ साथ प्रवचन स्थान पर पहुंचे। बहरागोेड़ा | शनिवार को मॉडल स्कूल बहरागोड़ा के प्रांगण में अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया। इस बैठक की सबसे खास उपलब्धि यह रही कि इसमें 100 प्रतिशत अभिभावकों की उपस्थिति दर्ज की गई, जिससे शिक्षा के प्रति अभिभावकों की जागरूकता स्पष्ट दिखाई दी। बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के सभी प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षकों और अभिभावकों ने एकमत होकर कहा कि नई शिक्षा नीति छात्रों के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होगी। साथ ही विद्यालय में शिक्षकों की कमी पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई और इसके समाधान की आवश्यकता पर बल दिया गया। विद्यालय के प्राचार्य गोपेश कुमार मिश्रा ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनकी पढ़ाई-लिखाई एवं गतिविधियों में सक्रिय सहयोग करें। बैठक में यह भी चर्चा हुई कि शिक्षा केवल विद्यालय की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें घर और समाज की भी समान भागीदारी होनी चाहिए। बैठक में विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षकगण एवं अभिभावकों ने मिलकर बच्चों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने का संकल्प लिया। धालभूमगढ़ | स्वामी विवेकानंद गुरुकुलम स्कूल में शनिवार को चेयरमैन डॉ सुब्रतो विश्वास के नेतृत्व में हर्ष के साथ हिंदी दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने हिंदी भाषा के महत्व पर विचार साझा किए। कार्यक्रम का आयोजन हिंदी विभाग द्वारा किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य सुभाष रंजन दास ने अपने संबोधन में हिंदी भाषा हमारी पहचान और संस्कृति की धरोहर बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे हिंदी को अपने दैनिक जीवन में अधिक से अधिक उपयोग करें और मातृभाषा के प्रति प्रेम बढ़ाएं। विद्यालय में निबंध लेखन, कविता पाठ,सुलेख लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विद्यालय के शिक्षक और शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


