कोडरमा के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत ढोढरपनिया में दान की जमीन पर काम करने गई दलित महिला-पुरुष के साथ कुछ दबंगों ने मारपीट की। मामला झुमरीतिलैया थाना क्षेत्र की है। पीड़ितों ने तिलैया थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। उर्मिला देवी ने बताया कि 1975 में उनके गांव के 14 लोगों को सरकार द्वारा खेती करने के लिए 1 एकड़ 60 डिसमिल जमीन दान के रूप में दी गई थी। इसके बाद उनके पूर्वज लगातार वहां खेती करते आ रहे हैं। हम भी लगातार पिछले कई वर्षों से वहां खेती कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 24 दिसंबर को जब वे और उनके गांव के कुछ लोग वहां काम करने गए तो, स्थानीय दबंगों द्वारा उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारपीट की गई। समर सिंह, गौरी सिंह, बाबूलाल सिंह, छोटू सिंह, धर्मेंद्र सिंह व अन्य लोगों द्वारा यह धमकी दी गई कि दोबारा अगर इस भूमि पर काम करने आए तो जान से मार देंगे। इसके बाद उन लोगों ने हमें जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल करते हुए गंदी गंदी गालियां दी। मामले को लेकर तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच पड़ताल की जा रही है, जल्द ही इसका निवारण किया जाएगा।


