झारखंड के कोडरमा में एक गंभीर सड़क दुर्घटना में 20 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। कोडरमा-जमुआ मुख्य मार्ग पर क्षत्रिय धर्मशाला के पास यह हादसा उस समय हुआ, जब डोमचांच से कोडरमा की ओर आ रही एक पिकअप वैन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। घायल युवक की पहचान जलवाबाद निवासी विजय निषाद के रूप में हुई है, जो अपनी बाइक से कोडरमा बाजार से घर लौट रहा था। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया। घटना के बाद कोडरमा पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।


