धनबाद के बाघमारा में यादव समाज ने पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मधुबन थाना क्षेत्र की खरखरी कोलियरी में हिलटॉप आउटसोर्सिंग में हुई घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई से नाराज आशाकोठी के निवासियों ने अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के बैनर तले प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने रणधीर वर्मा चौक से कंबाइंड बिल्डिंग तक आक्रोश मार्च निकाला। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया। यादव महासभा के जिला अध्यक्ष राम नरेश यादव ने चेतावनी दी कि अगर निर्दोष लोगों पर अत्याचार नहीं रुका तो पूरा यादव समाज सड़कों पर उतरने को मजबूर होगा और धनबाद जिले का चक्का जाम कर देगा। महासभा के सचिव बैजनाथ यादव ने कोयला चोरी के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि अगर प्रशासन ठान ले तो एक कण की भी चोरी नहीं हो सकती। उन्होंने मांग की कि मधुबन की घटना में वास्तविक दोषियों पर कार्रवाई की जाए, लेकिन निर्दोष लोगों को परेशान करना बंद किया जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पुलिस बिना जांच-पड़ताल के लोगों को परेशान कर रही है।


