कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में अवैध बालू ढुलाई के वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना धनबाद-गया रेलखंड पर तिलोकरी रेलवे फाटक के पास हुई, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान तिलोकरी पंचायत के गरवाटांड़ निवासी 42 वर्षीय मुकेश यादव (पिता रामवृक्ष यादव) और बेहराडीह निवासी 20 वर्षीय गोलू भदानी (पिता बसंत भदानी) के रूप में की गई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को जयनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है। बराकर नदी से अवैध बालू उठाव की वजह से विवाद स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जयनगर थाना क्षेत्र में बराकर नदी से प्रतिदिन बड़े पैमाने पर अवैध बालू का उठाव किया जाता है। इस अवैध कारोबार में कई गुट सक्रिय हैं, जिनके बीच क्षेत्रीय वर्चस्व को लेकर अक्सर विवाद होता रहता है। मंगलवार को भी बालू उठाव को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। बताया जाता है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के मजदूरों को बहला-फुसलाकर बालू घाट ले जाने का प्रयास किया, जिससे विवाद भड़क उठा। हालांकि, दोनों ही पक्ष बालू उठाव से जुड़े विवाद से इनकार कर रहे हैं और घटना को आपसी कहासुनी का नतीजा बता रहे हैं। दोनों पक्षों ने लगाए गंभीर आरोप, पुलिस जांच में जुटी घायल मुकेश यादव ने बताया कि वे गांव के पास स्थित एक ईंट भट्ठे से ट्रैक्टर पर ईंट लोड कर आसपास के इलाकों में सप्लाई करते हैं। बुधवार को उन्होंने गोलू भदानी को उनके मजदूरों को बालू ढुलाई के लिए ले जाते देखा, जिस पर उन्होंने आपत्ति जताई। आरोप है कि इसी बात पर गाली-गलौज शुरू हुई और गोलू ने अपने भाई नीतीश और पिता को बुला लिया। इसके बाद चाकू और कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। वहीं, गोलू भदानी का आरोप है कि वे मिट्टी ढुलाई का काम करते हैं और मजदूरों के साथ जा रहे थे, तभी मुकेश यादव, उनके पिता और परिवार के अन्य लोगों ने लोहे की रॉड व लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। इधर जयनगर थाना प्रभारी उमानाथ सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। मुकेश यादव का आवेदन प्राप्त हुआ है, मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


