कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र स्थित रघुनियाडीह गांव में बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जयनगर-डोमचांच मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही जयनगर के सीओ और थाना के जवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। मृतक की पहचान निमाडीह निवासी अबूतल्हा अंसारी के रूप में हुई है। वह मोहम्मद ताहिर हुसैन का 24 वर्षीय पुत्र था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए कोडरमा के सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के पिता ने जयनगर थाने में आवेदन दिया है। उन्होंने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है। ट्रैक्टर युवक के ऊपर पलट गया ग्रामीणों के अनुसार, अबूतल्हा सड़क पर पैदल चल रहा था। इसी दौरान पथलकुदवा की तरफ से आ रहे बालू लदे ट्रैक्टर ने पहले उसे टक्कर मारी। फिर अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर युवक के ऊपर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।


