कोडरमा थाना क्षेत्र में डॉ. उर्मिला चौधरी अस्पताल के पीछे एक वृद्ध महिला के गले से चेन छिनतई का मामला सामने आया है। पीड़िता मुन्नी देवी ने बताया कि मंगलवार को दोपहर करीब 1 बजे वह यूनियन बैंक से अपना पेंशन निकालकर घर लौट रही थीं। डॉ. उर्मिला चौधरी अस्पताल के पीछे एक युवक ने उन्हें रोका। वह खुद को हरिद्वार का निवासी बताते हुए पानी पीने के लिए पैसे मांगने लगा। मुन्नी देवी ने उसकी बातों पर ध्यान नहीं दिया और आगे बढ़ने लगीं। बाइक से आए थे बदमाश इसी दौरान एक अन्य युवक बाइक पर आया। पहला युवक उस बाइक पर बैठ गया और मौका देखकर मुन्नी देवी के गले से सोने की चेन खींचकर दोनों फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए, लेकिन तब तक दोनों आरोपी भाग चुके थे। पीड़िता के पुत्र बबलू सिंह ने बताया कि चोरी हुई चेन लगभग 10 ग्राम की थी, जिसकी कीमत करीब 1 लाख रुपए है। इस घटना के बाद से मोहल्ले में भय का माहौल है। घटना की सूचना मिलने पर कोडरमा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।


