कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के गुमो में एक 25 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान आकाश शर्मा, पिता केदार शर्मा के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ वर्षों से मानसिक बीमारी से जूझ रहा था। मृतक के भाई पवन शर्मा ने बताया कि सोमवार शाम करीब 5 बजे उन्हें घर से फोन आया। उन्हें बताया गया कि आकाश ने अपने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया है और आवाज देने पर भी नहीं खोल रहा है। पवन तुरंत घर पहुंचे और पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए। उन्होंने देखा कि आकाश कमरे के पंखे से फंदे पर झूल रहा था। परिजनों ने उसे फंदे से उतारा और झुमरीतिलैया के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सक उपलब्ध न होने के कारण उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पवन शर्मा के अनुसार, आकाश पिछले कुछ वर्षों से मानसिक रूप से बीमार था और उसका लगातार इलाज चल रहा था। आकाश झुमरीतिलैया के एक सैलून में हजामत का काम करता था।


