धनबाद: मुनीडीह ओपी क्षेत्र में इंदुकुरी प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट (एवीपी) गोपाल रेड्डी पर हुई फायरिंग का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना शनिवार सुबह काली मंदिर के पास हुई थी। अपराधियों ने घात लगाकर गोपाल रेड्डी पर गोली चलाई थी, जिससे उनकी जांघ में चोट लगी। उन्हें इलाज के लिए धनबाद के असर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। इस संबंध में पुटकी (मुनीडीह ओपी) थाना में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस जांच के दौरान धिरेन मार्केट निवासी 31 वर्षीय संजय कुमार राय को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी संजय ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। उसके पास से 5210 रुपये नकद, घटनास्थल से गोली का खोखा और पिलेट जब्त किया गया। वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी पुलिस ने जब्त कर ली है। डीएसपी नौशाद आलम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसके साथी कंपनी प्रबंधन से रंगदारी वसूलना चाहते थे। साथ ही, कंपनी से अपने दो-चार साथियों की बहाली की मांग पूरी न होने के कारण भी इस वारदात को अंजाम दिया गया।


