कोडरमा में 10वीं के छात्र ने लगाई फांसी:किराए के मकान में रहकर करता था पढ़ाई, इसी साल देने वाला था बोर्ड परीक्षा

कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत बजरंग नगर में 15 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान हजारीबाग जिले के चलकुस्सा प्रखंड के मसौनी गांव निवासी मुंशी यादव के पुत्र सचिन यादव के रूप में हुई है। सचिन कक्षा 10वीं का छात्र था। वह इसी वर्ष मैट्रिक बोर्ड परीक्षा देने वाला था। जानकारी के अनुसार वह झुमरीतिलैया के एक निजी विद्यालय में पढ़ाई करता था। अपने कुछ साथियों के साथ बजरंग नगर स्थित एक किराए के मकान में रह रहा था। बुधवार रात उसने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं मृतक के भाई नीतीश यादव ने बताया कि सचिन पढ़ाई में काफी तेज था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका कोई स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। न तो मौके से कोई सुसाइड नोट मिला है और न ही किसी तरह के तनाव की जानकारी परिजनों को पहले से थी। बताया जा रहा है कि सचिन सामान्य दिनों की तरह ही रह रहा था और परीक्षा की तैयारी में जुटा हुआ था। बुधवार सुबह जब परिजन बजरंग नगर स्थित मकान पर पहुंचे, तब उन्हें घटना की जानकारी मिली। इसके बाद परिजन शव को अपने पैतृक गांव मसौनी ले गए। पिता मुंबई में करते हैं काम सचिन के पिता मुंशी यादव मुंबई में रहकर काम करते हैं। उन्हें बेटे की मौत की सूचना दे दी गई है। वे गांव के लिए रवाना हो चुके हैं। इधर, तिलैया थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को मिली थी। जब तक मौके पर कर्मी पहुंचते तब तक परिजन शव को वहां से ले जा चुके थे। थाना प्रभारी के अनुसार मृतक मूल रूप से हजारीबाग जिले के चलकुस्सा थाना क्षेत्र का निवासी था। इस मामले को लेकर चलकुस्सा थाना से भी संपर्क कर जानकारी जुटाई जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *