केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कोल इंडिया के कर्मचारियों के लिए नई वर्दी, कॉर्पोरेट वेतन पैकेज और अनुग्रह लाभों में बढ़ोतरी का मंगलवार को शुभारंभ किया। कोयला मंत्रालय के दिशानिर्देश में इस पहल को कोयला श्रमिकों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण में सुधार पर विशेष ध्यान देते हुए डिज़ाइन और कार्यान्वित किया गया है। कोल इंडिया ने अपनी वी केयर पहल के तहत खदान दुर्घटना में होने वाली दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं की स्थिति में देय अनुग्रह राशि को 15 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपए कर दिया है। यह बढ़ा हुआ मुआवज़ा नियमित कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों दोनों पर समान रूप से लागू होगा। मृतकों के परिवारों को सीधे भुगतान किया जाएगा। इससे समय पर और पारदर्शी सहायता सुनिश्चित होगी। यह पैकेज नियमित कर्मचारियों के लिए 1 करोड़ रुपए और संविदा कर्मचारियों के लिए 40 लाख रुपए का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवरेज प्रदान करता है।


