राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का जिलास्तरीय शुभारंभ मंगलवार को संत अन्ना बालिका उच्च विद्यालय में हुआ। सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने कक्षा 10 की छात्रा साक्षी तिर्की को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि 19 सितंबर तक जिले के एक से 19 वर्ष तक के लगभग 8,61,803 बच्चों व किशोर-किशोरियों को पेट के कीड़े मारने की दवा (एल्बेंडाजोल 400 एमजी) मुफ्त दी जाएगी। दवा का वितरण आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और स्वास्थ्यकर्मी मिलकर करेंगे। मालूम हो कि डब्ल्यूएचओ के अनुसार कृमि संक्रमण बच्चों के शारीरिक व बौद्धिक विकास में बाधा डालता है और एनीमिया का बड़ा कारण है। दवा खिलाने से एनीमिया में कमी, पोषण स्तर में वृद्धि और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।


