कोरबा जिले में कुल 9,51,278 मतदाता हैं। इनमें 4,09,417 पुरुष, 4,07,974 महिला और 19 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान 30,613 मतदाताओं के नाम मृत पाए गए हैं, जबकि 15,495 अनुपस्थित और 81,355 स्थानांतरित पाए गए। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा। जिले की चार विधानसभा सीटों के लिए चार निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 10 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और 26 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। इनकी तरफ से 14 फरवरी 2026 तक दावा-आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा। ABC कैटेगरी के मतदाता पुनरीक्षण के दौरान, ‘अनकलेक्टेड’ श्रेणी में कुल 1,33,741 फॉर्म पाए गए। इनमें मृत मतदाताओं के 30,613, अनुपस्थित मतदाताओं के 15,495, स्थानांतरित मतदाताओं के 81,355, दोबारा प्रविष्टि के 5,340 और अन्य 938 शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, कैटेगरी ए में 3,15,960, कैटेगरी बी में 4,60,677 और कैटेगरी सी में 40,882 मतदाता पाए गए। नागरिक अपना नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में स्थानीय बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के पास, ईसीआईनेट मोबाइल ऐप या voters.eci.gov.in वेबसाइट के माध्यम से जांच सकते हैं। यदि नाम सूची में नहीं मिलता है, तो उसे शामिल करने के लिए घोषणा पत्र के साथ फॉर्म 6 भरकर एनेक्सर IV और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा करना होगा। मतदाता सूची में नाम शामिल करने/हटाने, निवास बदलने, मौजूदा प्रविष्टि में सुधार, EPIC बदलने या PWD मार्क करने के लिए संबंधित आवेदन फॉर्म उपलब्ध हैं। विदेश में रहने वाले मतदाता भी इलेक्टोरल रोल में नाम शामिल करने के लिए आवेदन कर सकते हैं। नागरिक अपने आवेदन फॉर्म अपने क्षेत्र के बीएलओ के पास या ईसीआईनेट मोबाइल ऐप और https://voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। सर्वेक्षण के दौरान, यदि किसी घर में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु का कोई अपंजीकृत परिवार सदस्य मिलता है, तो बीएलओ उनसे फॉर्म 6 में आवेदन प्राप्त करेगा। इसके लिए बीएलओ अपने पास कोरे फॉर्म रखेंगे।


