मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कल बुधवार 24 दिसंबर को भिण्ड जिले के रावतपुरा सरकार धाम पर अल्प प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री अपने प्रवास के दौरान रावतपुरा सरकार धाम में भगवान राम, हनुमान जी सहित अन्य मंदिरों में पूजा-अर्चना कर दर्शन करेंगे। इसके साथ ही धाम पर आयोजित राम कथा कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रावतपुरा सरकार के संत रवि शंकर महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद भी लेंगे।मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को कलेक्टर भिण्ड करोड़ी लाल मीणा एवं पुलिस अधीक्षक असित यादव सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने रावतपुरा धाम पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंच, श्रद्धालुओं की बैठक व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की जानकारी ली। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने लहार विधायक अम्बरीष शर्मा से भी मुलाकात की और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत सभी आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण की जाएं, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके। कलेक्टर ने विशेष रूप से आवागमन व्यवस्था, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर भिण्ड, एसडीएम लहार, एसडीएम गोहद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सीएम आगमन के चलते भारी वाहनों पर रोक मुख्यमंत्री के रावतपुरा धाम आगमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दिनांक 24 दिसंबर 2025 को दोपहर 12:00 बजे से सायं 04:30 बजे तक इक्मिली रावतपुरा मोड़ से नदीगांव मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।


