कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा और सतर्क कोरबा” अभियान के तहत व्यापक जांच अभियान चलाया है। पुलिस ने किराएदारों, फेरीवालों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की। इस दौरान कुल 1844 लोगों का सत्यापन किया गया। इनमें 738 लोग अन्य राज्यों से और 466 लोग अन्य जिलों से हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश सिंह ठाकुर ने बताया कि, शहर के होटल, लॉज और रैन बसेरा में रहने वालों की जांच की जा रही है। पुलिस ने संदिग्ध अजनबियों की सूची में 124 व्यक्तियों को शामिल किया है। साथ ही 23 गिरफ्तारी वारंट भी जारी किए गए हैं। पुलिस ने मकान मालिकों को निर्देश दिया है कि, वे अपने किराएदारों की जानकारी संबंधित थाने में अनिवार्य रूप से जमा करें। ऐसा न करने पर मकान मालिक और किराएदार दोनों पर कार्रवाई की जा सकती है। फेरीवालों के दस्तावेजों की भी जांच की गई है। उन्हें आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी गई है। पुलिस का यह अभियान अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाया जा रहा है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


