कोरबा के पाली में एक कार्यक्रम में जा रहे प्रभारी मंत्री अरुण साव और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के काफिले को ग्रामीणों ने रोक लिया। लगातार बारिश से उत्पन्न जलभराव की समस्या से आक्रोशित ग्रामीणों और दुकानदारों ने प्रशासन की उदासीनता का विरोध किया। घटना के दौरान सबसे पहले पुलिस की गाड़ी रुकी। ग्रामीणों ने अपनी समस्या रखी और जनप्रतिनिधियों से मिलने की मांग की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने विरोध कर रहे लोगों का वीडियो भी बनाया। कलेक्टर ने दिया समस्या के समाधान का आश्वासन कलेक्टर अजीत वसंत और एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने अपनी गाड़ी से उतरकर लोगों से बातचीत की। ग्रामीणों ने बताया कि उनके घरों में पानी घुस रहा है। कलेक्टर ने समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने काफिले को आगे बढ़ने दिया। काफिले में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल और भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी भी मौजूद थे। जलभराव की समस्या सिर्फ पाली तक ही सीमित नहीं है। पूरे जिले के कई वार्डों और बस्तियों में पानी भर गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें और पुल टूटने की खबरें भी सामने आ रही हैं। इन घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।


