कोरबा के बांकीमोगरा थाना पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए रेलवे संपत्ति चोरी में शामिल एक सक्रिय कबाड़ गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस को रात में एक संदिग्ध पिकअप वाहन की आवाजाही की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम ने तत्काल घेराबंदी की। पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी को देखते ही लगभग आधा दर्जन लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन क्रमांक CG-10-AZ-4376 की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस टीम भी हैरान रह गई। वाहन से रेलवे ट्रैक के बड़े-बड़े कटे हुए टुकड़े, गैस कटर, सिलेंडर और अन्य कटिंग उपकरण बरामद किए गए। जब्त किए गए कबाड़ की अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है। रेलवे ट्रैक को कबाड़ी बाजार में बेचने की फिराक में था गिरोह प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह सुनसान इलाकों में रेलवे लाइन को काटकर इन्हें कबाड़ी बाजार में मोटी कीमत पर बेचने की फिराक में था। रेलवे ट्रैक तक काट दिए जाने की घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। रेलवे ट्रैक की चोरी, जांच में कई लोग संलिप्त रेलवे ट्रैक की कटाई न केवल सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाती है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन सकती है। पुलिस ने मौके से मिले आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस अवैध कारोबार में कई अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका है। पुलिस ने सभी सामग्री जब्त करते हुए रेलवे एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। बांकीमोगरा थाना में पदस्थ एएसआई नंद लाल टंडन ने बताया कि पुलिस को देख कबाड़ चोर गाड़ी छोड़कर भाग गए थे और उनकी तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि इस कबाड़ चोर गिरोह का सरगना धरम सिंह राजपूत है, जिसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हो चुके हैं।


